ऐसे ही...

कभी,कभी शब्द बहुत छोटे होते हैं,
लेकिन उनके भीतर एक पूरा संसार छिपा होता है।

“ऐसे ही...”

कहने वाला शायद कुछ नहीं कहता,
सुनने वाला शायद सब कुछ समझ लेता है।


कभी यह अपनापन होता है,
कभी औपचारिकता,
कभी एहसान,
कभी उम्मीद,
और कभी किसी ऐसे हिसाब की शुरुआत,
जिसकी कोई रसीद नहीं होती।

 

मैंने भी बरसों तक
“ऐसे ही” को
बहुत सहज अर्थ में लिया था।

फिर समय ने
इस छोटे,से वाक्य के
कई अर्थ मेरे सामने खोल दिए।

 

पहले
मिठाई ले आता था मैं,
किसी खुशी के लिए नहीं,
किसी उपलब्धि के लिए नहीं,
किसी निमंत्रण के जवाब में भी नहीं।

 

बस मन हुआ,
दुकान पर रुका,
एक डिब्बा उठाया
और किसी के सामने रख दिया,

“लो, खाओ...”

पूछता,
“क्यों?”

मैं हँसकर कह देता,

“ऐसे ही...”

उस “ऐसे ही” में
न कोई उद्देश्य था,
न कोई अपेक्षा।

बस थोड़ी,सी मिठास थी
जिसे बाँट देने से
अपनी मिठास कम नहीं होती थी।

 

अब नहीं।

क्योंकि
एक दिन
उसने ही पूछ लिया,

“क्यों?”

मैं कुछ क्षण चुप रहा।

 

फिर वही पुराना उत्तर
मेरे होंठों पर आया,

“ऐसे ही...”

लेकिन इस बार
“ऐसे ही” कहते हुए
मुझे स्वयं अपने शब्द
कुछ अजनबी लगे।

बात वहीं नहीं रुकी।

 

अब सुना,
चौथे ने दूसरे से कहा,
दूसरे ने तीसरे से,
और तीसरे ने जाने किससे...

किसी ने कान के पास
धीरे से कहा,

“पता नहीं,
क्या टोटका किया है...
कुछ खिलाया है।”

जिसे मैंने
मिठाई समझकर दिया था,
वह किसी की जुबान पर
टोटका बन चुका था।

 

तीसरे ने खाया
और चौथे को बताया।

चौथे ने सुना
और पाँचवें तक पहुँचा दिया।

 

फिर बात चलती गई,
अपने पैरों पर नहीं,
लोगों की जुबानों पर।

 

और हर पड़ाव पर
उसका एक ही नाम था,

“ऐसे ही...”

वह
मेरे सामने बैठकर
दो,दो पैसे जोड़ता रहा।

मैं देखता रहा।

उसे मेरी बचत दिखाई देती थी,
मुझे उसकी निगाह।

मेरी छोटी,सी जमा पूँजी में भी
उसे कोई संभावना दिखाई देती थी।

 

मेरी हर बात के अंत में
एक ही आग्रह,

“खिलाओ मिठाई...”

और उसके बाद,

“ऐसे ही...”

तब समझ में नहीं आया था
कि मिठाई खाने की आदत
कब किसी और की कमाई
गिनने की आदत बन जाती है।

 

फिर आया
वह समय
जब पूरी दुनिया
अपने,अपने घरों में बंद थी।

 

सड़कों पर सन्नाटा था,
बाज़ारों पर ताले थे,
और भविष्य
दरवाज़े के बाहर खड़ा
किसी अनजान खबर की प्रतीक्षा कर रहा था।

लॉकडाउन था।

 

उस समय
वह आया।

हाथ में
फल,फूल थे,
राशन,पानी था।

मैंने उसे देखा
और मन में सोचा,

अच्छे समय में
तो बहुत लोग साथ होते हैं,
शायद मुश्किल समय में
यही अपना है।

उसने सामान रखा।

मैंने धन्यवाद कहा।

उसने हिसाब नहीं दिया।

 

मुझे भी क्या पता था
कि कुछ हिसाब
कागज़ पर नहीं लिखे जाते।

समय बीता।

फिर एक दिन
वसूली का स्वर सुनाई दिया,

“तेरा जोड़ा ही तो
आ रहा है तेरे काम...
मत कर खिंचाई...
ऐसे ही...”

मैं चुप रहा।

 

उस दिन
फल,फूल का स्वाद
कुछ फीका था।

राशन में
अनाज तो था,
लेकिन साथ में
एक अदृश्य बोझ भी था।

 

तब पहली बार
मुझे लगा,

हर मदद
मदद नहीं होती।

कुछ मददें
बस समय आने पर
अपना अर्थ बताती हैं।

 

अब नहीं
रास आते मुझे
फल,फूल,
राशन,पानी।

क्योंकि बेरोजगारी में
कोई यूँ ही कुछ नहीं देता।

 

मंदी में
हर हाथ की अपनी मजबूरी है।

तंगी में
हर जेब अपना हिसाब जानती है।

और जब कोई कहता है,

“ले लो...
ऐसे ही...”

तो मन के भीतर
एक दूसरा सवाल उठता है,

“कब तक?”

और उसके बाद
एक तीसरा,

“किस कीमत पर?”

 

शायद
जो लोग कल तक
छोटी,छोटी चालें चलते थे,
अब किसी बड़ी चाल के
लिए तैयार हो रहे हैं।

शायद
समय ने उन्हें
और चतुर बना दिया है।

 

या शायद
समय ने मुझे
थोड़ा अधिक सावधान।

अब मैं
हर सहज मुस्कान में
स्वार्थ नहीं खोजता,
लेकिन हर स्वार्थ को
सहज मुस्कान भी नहीं मानता।

 

क्योंकि मैंने देखा है,

मिठाई
टोटका बन सकती है,

मदद
उधार बन सकती है,

अपनापन
अधिकार बन सकता है,

और एक छोटा,सा शब्द,

“ऐसे ही...”

पूरी कहानी का
सबसे बड़ा बहाना बन सकता है।

 

फिर भी...

मन के किसी कोने में
एक विश्वास अब भी बचा है।

कि दुनिया में
शायद कुछ लोग ऐसे भी हैं
जो सचमुच
मिठाई लाते हैं,

ऐसे ही।

जो किसी भूखे के घर
राशन रखते हैं,

ऐसे ही।

जो किसी की मदद करते हैं,

ऐसे ही।

 

जो बदले में
कुछ नहीं माँगते।

न धन्यवाद,
न एहसान,
न हिसाब।

बस इसलिए कि
सामने वाला इंसान है।

शायद
वही “ऐसे ही”
इस दुनिया की आख़िरी बची हुई
मिठास है।

 

और शायद
उसी को बचाए रखना होगा,

उन तमाम हिसाबों के बीच,
जिन्हें हम
रिश्तों का नाम देकर
ढोते चले जा रहे हैं।

क्योंकि अंततः
सवाल मिठाई का नहीं है,
सवाल राशन का नहीं है,
सवाल दो पैसों का भी नहीं है।

 

सवाल सिर्फ इतना है,

क्या कोई किसी के लिए
अब भी कुछ कर सकता है...
“ऐसे ही”?

योगेश चन्द्र बृजवासी
सोमवार, 4 मई 2020
सितारगंज

 

Comments

Popular posts from this blog